अक्सर हम जब मछली खरीदने बाजार जाते हैं तो हमें 400-500 रुपये किलो बिकने वाली मछली भी बहुत महंगी लगती है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जापान में एक रेस्टोरेंट के मालिक ने 22 करोड़ की भारी-भरकम राशि में एक मछली को खरीदा है। यह दुनिया की सबसे महंगी मछली है।
इस मछली का नाम है टूना मछली, जिसे जापान के उत्तरी तट से पकड़ा गया था। इस मछली का वजन 278 किलोग्राम है। टोक्यो के नए मछली बाजार में नए साल से एक दिन पहले इस मछली को नीलामी के लिए रखा गया था, जिसमें इस मछली को रिकॉर्ड कीमतों में जापान के सूशी रेस्तरां चेन के मालिक कियोशी किमुरा ने खरीदा।
कियोशी किमुरा ने इस भीमकाय मछली को 33.36 करोड़ येन यानी 21.5 करोड़ रुपये (31 लाख डॉलर) में खरीदा। बता दें कि टूना मछली एक लुप्त प्रजाति है। 'टूना किंग' के नाम से मशहूर कियोशी किमुरा ने इससे पहले भी 2013 में पकड़ी गई एक टूना मछली को 15.5 करोड़ येन में खरीदा था।
मछली खरीदने के बाद सूशी रेस्तरां चेन मालिक कियोशी किमुरा ने कहा, 'यह अब तक की सबसे अच्छी टूना मछली है। मैं एक स्वादिष्ट और बेहद ताजी टूना मछली खरीदने में कामयाब रहा। जैसा शुरू में मैंने सोचा था, इस मछली की कीमत उससे कहीं ज्यादा थी, लेकिन मुझे उम्मीद है कि हमारे ग्राहक इस बेहतरीन टूना का भरपूर स्वाद ले सकेंगे।'
इस मछली को जिस बाजार में नीलामी के लिए रखा गया था, उसका नाम सूकिजी (Tsukiji) है। यह बाजार दुनिया का सबसे बड़ा मछली बाजार है। यह मार्केट रेस्टोरेंट्स और दुकानों के लिए भी दुनियाभर में मशहूर है। इस मछली बाजार की शुरुआत साल 1935 में हुई थी। यह बाजार खासतौर पर टूना मछली की नीलामी के लिए ही जानी जाती है।