जापान के फुकुओका की रहने वाली केन तनाका नाम की महिला को दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित इंसान का खिताब मिला है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने शनिवार को एक समारोह में केन तनाका को इस खिताब से सम्मानित किया।
9 मार्च 2019 के मुताबिक, महिला की उम्र 116 साल 66 दिन है। केन तनाका का जन्म 2 जनवरी, 1903 को हुआ था, ठीक उसी साल जब राइट बंधुओं ने संसार की सबसे पहली सफल मानवीय हवाई उड़ान भरी थी।
केन तनाका अपने आठ भाई-बहनों में सातवें नंबर पर हैं। साल 1922 में हिदेओ तनाका नाम से उनकी शादी हुई थी। उनके चार बच्चे हैं, जबकि उन्होंने एक बच्चे को गोद भी लिया था।
केन तनाका आम तौर पर सुबह 6 बजे उठती हैं और इस उम्र में भी दोपहर में अक्सर गणित जैसे विषयों का अध्ययन करती हैं। अवॉर्ड समारोह के दौरान, केन को चॉकलेट का एक डिब्बा दिया गया, जिसे उन्होंने तुरंत खोला और खाना शुरू कर दिया। बाद में उनसे पूछा गया कि वह आज कितनी चॉकलेट खाना चाहती हैं, तो उन्होंने जवाब दिया '100'।
बता दें कि इससे पहले सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति का खिताब जापान की ही एक अन्य महिला चियो मियाको को मिला था। 117 साल की आयु में पिछले साल जुलाई में उनका निधन हो गया था।