कहते हैं कि अगर इंसान को सफल बनना है तो कोई भी काम पूरी लगन और गंभीरता के साथ करना चाहिए। एक ऐसी महिला है ब्राजील की रहने वाली, जिसने खिलौनों को ही अपना सबकुछ मान लिया और बाद में उसे एक सफल बिजनेस में बदल दिया। आज ये महिला करीब 84 करोड़ रुपये की मालकिन है।
दरअसल, महिला का एक यूट्यूब चैनल है, जिसमें वो खिलौनों को पैक से निकालती है, उन्हें असेंबल (इकट्ठा) करती है और उनके साथ खेलती है। महिला खुद पूरे प्रोसेस की कमेंट्री करती है। उसके वीडियो को लोग खूब पसंद करते हैं।
महिला के यूट्यूब चैनल का नाम है फनटॉयज कलेक्टर, जिसे पहले डिज्नी कलेक्टर के नाम से जाना जाता था। फनटॉयज कलेक्टर यूट्यूब की सबसे रहस्मयी व्लॉगर मानी जाती है, क्योंकि हर वीडियो में महिला के सिर्फ हाथ ही दिखते हैं। उसका चेहरा आज तक किसी ने भी नहीं देखा है।
यू-ट्यूब के जानकारों के मुताबिक, खिलौनों को पैक से बाहर निकाल कर उन्हें असेंबल करना, उन्हें खेलने से ज्यादा रोमांचक होता है। यही वजह है कि ये चैनल लोगों के बीच काफी हिट है। इस चैनल के फिलहाल 1 करोड़ 15 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर हैं।
साल 2014 में महिला ने यूट्यूब से सबसे ज्यादा कमाई की थी। उस समय उसने करीब 34 करोड़ रुपये कमाए थे। 13 अप्रैल, 2011 को महिला ने अपना यूट्यूब चैनल बनाया था और आज उसके पास 12 मिलियन डॉलर यानी करीब 85 करोड़ रुपये की संपत्ति है।