साल 2019 की शुरुआत हो चुकी है और दुनियाभर में 1 जनवरी को नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि एक देश ऐसा भी है, जो दुनिया से 8 साल साल पीछे चल रहा है। इस देश में 2019 नहीं बल्कि अभी तक 2011 ही चल रहा है। सिर्फ यही नहीं, इस देश में तो 13 महीनों का एक साल होता है, जबकि दुनिया के तमाम देशों में 12 महीनों का एक साल मानते हैं।
यह देश है इथियोपिया, जो अफ्रीका का दूसरा सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश है। यहां की जनसंख्या करीब 10 करोड़ है। यह देश हर मामले में दुनिया के तमाम देशों से बिल्कुल अलग है। यहां नया साल 1 जनवरी को नहीं बल्कि 11 सितंबर को मनाया जाता है।
दरअसल, इथियोपिया में कॉप्टिक कैलेंडर के हिसाब से दिन, महीने और साल की गिनती होती है, जबकि दुनिया के बाकी देश ग्रिगोरियन कैलेंडर का इस्तेमाल करते हैं। ग्रिगोरियन कैलेंडर को सन् 1582 ई. में पोप ग्रेगोरी ने बनाया था, जिसे जूलियन कैलेंडर की जगह पर लाया गया था।
इथियोपिया का मानना है कि ईसा मसीह का जन्म 7BC में हुआ था और इसी हिसाब से यहां दिनों की गिनती शुरू हुई, जिसकी तर्ज पर कॉप्टिक कैलेंडर बनाया गया। वहीं, दुनिया का बाकी देशों में ईसा मसीह का जन्म AD1 में बताया गया है। यही कारण है कि इथियोपिया का कैलेंडर दुनिया के बाकी देशों के कैलेंडर से 7-8 साल पीछे है।
इथियोपिया में सिर्फ नया साल ही नहीं, बल्कि कई त्योहार भी अलग-अलग तारीखों पर मनाए जाते हैं। यहां क्रिसमस भी 25 जनवरी को नहीं बल्कि 7 जनवरी को मनाया जाया है।