इस एप पर मिल रहे हैं किराये पर ब्वॉयफ्रेंड, डाउनलोड करने वालों में सिंगल लड़कों की संख्या ज्यादा
फीचर टीम, अमर उजाला
Updated Thu, 30 Aug 2018 05:36 PM IST
किराए पर कार लेने, बाइक लेने, घर लेने के विज्ञापन तो आपने खूब सुने व देखे होंगे लेकिन क्या आपने कभी किराए पर ब्वॉयफ्रेंड मिलने वाला विज्ञापन देखा या सुना है..? क्यों झटका लगा न सुनकर..?अरे भैया जमाना बदल गया है। किसी जमाने में प्यार का इजहार करने के लिए सौ-सौ जतन करने पड़ते थे। अपने प्यार तक एक चिट्ठी पहुंचाने के लिए किसी सहेली, दोस्त या फिर किसी बच्चे को बीच में रखना पड़ता था। तब जाकर मोहब्बत को मुकम्मल मुकाम मिलता था।
अब देखिए न गुजरे जमाने की मोहब्बत थोड़ी रिस्की भी होती थी। सहेली, दोस्त तो चलिए मान भी लेते हैं कि लाख डांटने डपटने पर मुंह से ये न बक पाएं कि खत किसने भेजा लेकिन छोटा बच्चा तो सीधा फंसा ही देगा। वैसे गुजरे जमाने की मोहब्बत से अलग आज के जमाने की मोहब्बत हो गई है। ब्वॉयफ्रेंड अब मोबाइल के एप से मिलने लगे हैं।
तकनीक की इस खोज से ये तो मानना पड़ेगा कि गुजरे जमाने की मोहब्बत में फंसाने वाले मध्यस्थों के रोल तो खत्म हो गया। जी हां, मार्केट में अब एक ऐसा नया एप आ गया है जिसके जरिए आप किराए पर ब्वॉयफ्रेंड हायर कर सकते हैं। जिन लड़कियों का कोई ब्वॉयफ्रेंड नहीं है या जो सिंगल है अक्सर वे डिप्रेशन में चली जाती हैं। उनके लिए तो ये एप और भी कारगर है। बस 500 रुपए का भुगतान करने पर इस एप के जरिए 22-25 साल के पुरुषों के प्रोफाइल आपकी नजर के सामने होंगे।
इस एप को बनाने वाला भी कमाल का इंसान है। उसे खुद ये आईडिया तब आया जब वह डिप्रेशन का शिकार था। उसने फोन पर यूं ही किसी से 15-20 मिनट तक बातचीत की और काफी हल्का महसूस किया। बस फिर क्या था, उसने बना डाला 'Rent a boyfriend(RABF) नामक यह एप। अब आप सोच रही होंगे कि इस एप को बनाने वाला कोई विदेशी ही होगा क्योंकि ऐसे आइडियाज तो वहीं से आ सकते हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इसे बनाने वाले के पीछे 29 साल के कौशल प्रकाश का दिमाग लगा है। पेशे से इंटीरियर डेकोरेटर, कौशल का इस बारे में कहना है कि यह एप ह्यूमन इमोशन से जुड़ा है।
तो आपकी परेशानी का आधा समाधान इस एप ने कर डाला। बीते शुक्रवार ही मुंबई और पुणे में इस एप की लॉन्चिंग की गई है। एप का मुख्य उद्देश्य तन्हा लोगों को डिप्रेशन से उबारने में मदद करना है। फिलहाल, इस पहल में महिलाओं को शामिल नहीं किया गया है क्योंकि ‘rent a girl’ भारत में सही नहीं माना जाता है। हालांकि विदेशों में गर्लफ्रेंड रेंट पर मिलने वाले कई एप एक्टिव हैं।
आपकी जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि 'Rent a boyfriend' एप के जरिए लड़कियां मूवी, डिनर या लंच डेट के लिए बॉयफ्रेंड किराए पर ले सकती हैं। वहीं, किराए पर लिया जाने वाला बॉयफ्रेंड, लड़की को डिप्रेशन से निकालने में एक्सपर्ट होगा।इसका मकसद देश में लोगों को डिप्रेशन से निकालना है। इसके द्वारा न तो कोई प्राइवेट डेट होगी और ना ही सेक्सुअल रिलेशनशिप स्थापित होंगे। इस एप का एक टोल फ्री नंबर भी दिया गया है, जिसमें लड़की मनोवैज्ञानिक से अपने दिल की बात कर सकती है।