यहां मिल रही है कुत्ते वाली आइसक्रीम, वॉट्सऐप पर क्लिप वायरल होने के बाद कैफे ने बताया सीक्रेट
टीम फिरकी, नई दिल्ली
Updated Fri, 24 Aug 2018 03:23 PM IST
व्हॉट्सऐप और फेसबुक पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुत्ते की आकार की आइसक्रीम देखने को मिल रही है। पहली नजर में देख कर कोई भी धोखा खा जाए कि कोई आइसक्रीम नहीं बल्कि असल के कुत्ते को ही खा रहा है, वह भी जिंदा और कच्चा।
क्लिप में काले रंग का एक और कुत्ता दिख रहा है जो लोगों को वह आइसक्रीम खाता देख हैरान हो रहा है। वह भौचक्का होकर लोगों को घूर रहा है। शायद वह भी यह देखकर डर रहा है कि कहीं लोग टेबल पर पड़े कुत्ते की तरह उसे भी ना खा जाएं!
कुत्ते का डरना लाजमी भी है। इस आइसक्रीम को बनाया ही इतनी खूबसूरती से गया है कि देखने में यह जीता-जागता कुत्ता ही लगता है। यह शानदार आइडिया है ताइवान के एक कैफे J.C.co Art Kitchen का। यहां लैब्रेडर, पग और शार पी प्रजाति के पिल्ले जैसा दिखने वाला आइसक्रीम बिक रहा है।
पीनट बटर, चॉकलेट और आर्ल ग्रेल फ्लेवर की आइसक्रीम मिल रही है। इन्हें -22 डिग्री सेल्सियस तापमान में जमाया जाता है। जब भी कोई इनका ऑर्डर देता है, फ्रिज से आइसक्रीम निकालने के बाद चॉकलेट सॉस से इसकी आंखें बनाई जाती हैं और सर्व किया जाता है।
कैफे के कर्मियों का कहना है कि एक दिन में सिर्फ 100 पीस बनाए जाते हैं। एक आइसक्रीम को बनाने में पांच घंटे लगते हैं और एक पीस की कीमत 6.31 यूरो यानी करीब 512 रुपये है।'न्यूजवीक' ने यूट्यूब पर वीडियो शेयर किया है जिसमें देखा जा सकता है कि यह अनोखा आइसक्रीम कैसे तैयार किया जाता है-
कहिए, चखना चाहेंगे ऐसी आइसक्रीम!