बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान का क्रेज पूरी दुनिया में है। दुनियाभर के लोग उनकी फिल्में, उनकी एक्टिंग और जबरदस्त बॉडी के दीवाने हैं। सोशल मीडिया पर भी सलमान हमेशा एक्टिव रहते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 20.3 मिलियन यानी 2 करोड़ 30 लाख फॉलोवर्स हैं, जबकि सलमान कुल 8 लोगों को फॉलो करते हैं। क्या आपको पता है कि ये लोग कौन हैं?
सलमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अब तक कुल 626 पोस्ट डाले हैं, जिसमें कई वीडियोज और फोटोज शामिल हैं। वो जहां कहीं भी शूटिंग के लिए जाते हैं, अपने फैंस के लिए कोई न कोई तस्वीर जरूर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हैं। उनके फैंस को भी उनकी अपडेटेड तस्वीरों का इंतजार हमेशा रहता है।
सलमान अब तक 80 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं, जबकि कई फिल्मों में उन्होंने मेहमान कलाकार के तौर पर भी अपनी भूमिका निभाई है। 27 दिसंबर, 1965 को जन्मे सलमान खान ने हाल ही में अपना 53वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने अपने पनवेल फार्म हाउस पर जन्मदिन की पार्टी दी थी, जिसमें सुष्मिता सेन, कटरीना कैफ और अनिल कपूर समेत बॉलीवुड के तमाम सितारों ने शिरकत की थी।
ये बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि सलमान खान के जन्म के समय उनका नाम अब्दुल राशिद सलीम था। सलमान खान ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1988 में 'बीवी हो तो ऐसी' फिल्म में सपोर्टिंग एक्टर के रुप में की थी। इसके बाद साल 1989 में बनी फिल्म 'मैने प्यार किया' में उन्हें लीड रोल मिला था। यह फिल्म सुपरहिट रही थी।
सलमान खान छोटे पर्दे पर भी काफी हिट रहे हैं। उन्होंने '10 का दम' और बिग बॉस जैसे बड़े टीवी शो को होस्ट किया है। बॉलीवुड की अगर बात करें तो सलमान की कुल 12 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया है, जबकि उनकी 6 फिल्में 200 करोड़ और 2 फिल्में 300 करोड़ के क्लब में शामिल हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान करीब 1500 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।
सलमान अपने इंस्टाग्राम पर जिन 8 लोगों को फॉलो करते हैं, उनमें उनके जीजा आयुष शर्मा, बहन अर्पिता खान शर्मा, अतुल अग्निहोत्री, उनके भाई सोहेल खान और अरबाज खान, यूलिया वंतूर, कटरीना कैफ की बहन इजाबेला कैफ और एक फूड वेबसाइट शामिल हैं। बता दें कि यूलिया एक रोमानियाई मॉडल और एक्ट्रेस हैं। यूलिया 'राधा क्यों गौरी मैं क्यों काला' फिल्म से बतौर एक्ट्रेस बॉलीवुड में एंट्री करने जा रही हैं।