कई बार कुछ लोग कई बार खेल-खेल में ऐसा काम कर जाते हैं जो दुनिया के लिए तो अजीबोगरीब होता है लेकिन यहीं अजीबोगरीब काम उनकी दुनिया के सामने पहचान बना देता है। ऐसा ही मामला हिमाचल के कागंड़ा जिले से सामने आया,जिसे सुनने के बाद हर कोई हैरान है।
चौथी कक्षा में पढ़ते हुए अपनी बहनों संग खेल-खेल में लड़की बन किए डांस ने आज हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के सहौड़ा के टिंकू विहान को हर किसी का चहेता बना दिया है। लड़की के रूप में टिंकू की अदाकारी ऐसी है कि हर कोई उसे सच में लड़की ही समझता है।
लड़की का रूप धारण करने के लिए टिंकू किसी मेकअप मैन का सहारा नहीं लेता, बल्कि खुद ही अपने आप को लड़की के रूप में ढालता है। लड़की के किरदार में अभिनय करते-करते टिंकू अब इतना परिपक्व हो चुका है कि उसे अभिनय के लिए बॉलीवुड नगरी मुंबई तक के ऑफर आने लगे हैं।
अपना अनुभव साझा करते हुए सहौड़ा के टिंकू विहान ने बताया कि वह बचपन में अपनी बहनों के साथ लड़की बन कर डांस करता था। धीरे-धीरे उसके डांस को स्कूल में भी करवाया जाने लगा। इसके बाद घर में आर्थिक तंगी के कारण उसने रामलीला में मंचन कर अपने अभिनय की शुरुआत की।
रामलीला मंचन में मिले पैसों के बाद उसने इस अभिनय को ही अपना पेशा बनाने की ठानी और आज वह इस मुकाम पर पहुंच चुका है कि उसने पूरे प्रदेश सहित पंजाब आदि में भी जागरण में अपना अभिनय किया है। इसके अलावा उसे हाल ही में मायानगरी मुंबई से भी जागरण में अभिनय करने का ऑफर आया था, लेकिन व्यस्तता के चलते उसे इस आफर को ठुकराना पड़ा।
टिंकू ने बताया कि वह अपने अभिनय के साथ-साथ स्कूली कार्यक्रमों में बच्चों को डांस भी सिखाता है। टिंकू ने बताया कि जब भी वह लड़की बन स्टेज पर अभिनय करने जाता था, तो उसे लोगों के कई कमेंट्स और ताने भी सुनने को मिलते हैं। लेकिन उसने इन सब की परवाह किए बिना अपने काम से मतलब रखा, जिसकी बदौलत आज पूरे प्रदेश में टिंकू विहान की एक अलग पहचान बन चुकी है।