लड़के और लड़कियों के प्यार के किस्से तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन एक लड़की दूसरी लड़की से प्यार कर बैठे, ऐसा बहुत कम ही सुनने या देखने को मिलता है। यूपी के उन्नाव जिले में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। यहां एक लड़की यूपी से मुंबई जाती है। इसके बाद हमउम्र मौसी से ही उसे प्यार हो गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। फिर दोनों ने ऐसा कदम उठाया कि घरवालों के होश ही उड़ गए।
दरअसल, लड़की और उसकी मौसी की नजदीकियां इस कदर बढ़ीं कि बात शादी तक जा पहुंची। बाद में दोनों ने शादी भी कर ली, लेकिन बात यहीं नहीं रूकी। इसके बाद शुरू हुआ बवाल, जो कि मुंबई से घर तक आ गया। परिजनों ने बताया कि जिस युवती से बेटी ने शादी है, वह रिश्ते में उसकी मौसी लगती है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली के एक गांव निवासी युवती 20 नवंबर को मुंबई चली गई थी। मुंबई में उसने हमउम्र नजदीकी रिश्तेदार युवती से कोर्ट मैरिज कर ली। इस समलैंगिक विवाह की जानकारी जब लड़की के घरवालों को हुई तो उन्होंने मुंबई में रहने वाले बेटों को इसकी जानकारी दी।
लड़की के भाइयों ने जब दबाव बनाया तो युवतियों ने मुंबई के ही एक थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस बीच पिता ने अजगैन पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर जानकारी ली तो पता चला कि दोनों लड़कियों ने खुद के बालिग होने का प्रमाण पत्र पुलिस को दिया है।
ऐसे में अजगैन पुलिस ने भी कार्रवाई करने में असमर्थता जता दी। अजगैन एसओ अनिल सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार, समलैंगिक विवाह गैर कानूनी नहीं है। ऐसे में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकती।