तीन साल पहले चीन से फ्लोटिंग ब्रिज (Floating Bridge) की तस्वीरें समने आई थीं जिसे देख कर हर कोई हैरान रह गया था। जंगल और नीले रंग की नदी के ऊपर शानदार ब्रिज बनाया गया था। इस अद्भुत दृश्य को देखकर सभी इसके दीवाने हो गए थे। ऐसे में भारत के लोगों की भी तमन्ना थी की वो भी इस ब्रिज का मजा ले सकें। खुशी की बात ये है कि अब इस फ्लोटिंग ब्रिज पर चढ़ने के लिए आपको विदेश जाने की जरूरत नहीं है। अब आप देश में ही इसका लुत्फ उठा सकते हैं। दरअसल, केरल के कोजिकोड से इस ब्रिज की तस्वीरें सामने आई हैं।
ये ब्रिज चीन के फ्लोटिंग ब्रिज से काफी अलग है। इसे नदी नहीं बल्कि समुद्र पर बनाया गया है। सबसे खास बात तो ये है कि समंदर की लहरों के साथ ये ब्रिज भी पानी पर लहराता है। जैसे-जैसे पानी की लहरें आती हैं और आगे की ओर बढ़ती है वैसे-वैसे ही ये ब्रिज भी पानी पर लहराता है।
इस ब्रिज को देखकर लोग काफी ज्यादा उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि लोग कैसे फ्लोटिंग ब्रिज का मजा ले रहे हैं।
वहीं इस पुल की खासियत के बारे में बात करें तो ये 100 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा ब्रिज है। साथ ही ये पुल समुद्र पर बनाया गया है जो एक नया अनुभव देता है। एक समाचार एजेंसी ने इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
इस ब्रिज पर एक बार में 500 लोग जा सकते हैं। 100 मीटर लंबे इस ब्रिज पर जाने के लिए टूरिस्ट को सबसे पहले लाइफ जैकेट पहनाया जाता है। इसके बाद ही इस पर उन्हें चढ़ने की इजाजत दी जाती है। फिलहाल, केवल 50 लोगों को ही ब्रिज पर जाने की इजाजत दी जाती है।
ये पुल समुद्र तक फैला है, वहां एक 15 मीटर चौड़ा मंच बना है जहां लोग समुद्र की सुंदरता का आनंद लेते हैं। वहीं इस पुल पर सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक ही जाने की अनुमति है।