असम के लखीमपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति को मारकर उसका कटा हुआ सिर लेकर थाने पहुंच गई। यह नजारा देखकर पुलिस वाले भी चौंक गए। महिला ने अपने पति की हत्या करने के पीछे की जब कहानी सुनाई तो सभी के रोंगटे खड़े हो गए।
यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। दरअसल, मजगांव की रहने वाली ये महिला एक प्लास्टिक के थैले के साथ धालपुर पुलिस चौकी पहुंची थी। इस थैले में उसके पति का कटा हुआ सिर था। आरोपी महिला गुनेश्वरी बरकाटकी (48) ने ये कबूल कर लिया है कि उसने ही अपने 55 वर्षीय पति मुधिराम की हत्या की है।
महिला ने स्थानीय टेलीवीजन चैनल को बताया कि उसका पति उसके साथ कई सालों से मारपीट कर रहा था। कई बार उसने उसे कुल्हाड़ी से भी घायल किया था। महिला ने बताया कि उसने पहले कई बार पति को छोड़ने का सोचा, लेकिन बच्चों के कारण वो ऐसा नहीं कर पाई। आखिर में तंग आकर महिला ने उसकी हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि महिला के पांच बच्चे हैं। उसने बताया कि उसने कुल्हाड़ी से काटकर पति को मार डाला। इस मामले पर स्थानीय पुलिस ने बताया कि महिला अपने पति के कटे सिर के साथ पुलिस स्टेशन आई और सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि पूछने पर महिला ने अपने पति की हत्या की बात कबूल कर ली, क्योंकि वह उसके शोषण से परेशान थी। फिलहाल महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।