उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति को वश में करने के लिए एक तांत्रिक के पास गई थी, लेकिन वहां जाकर वो खुद तांत्रिक का शिकार हो गई।
महिला एटा के एक गांव की रहने वाली है। वो अपने पति को वश में करना चाहती थी। उसे किसी ने बताया कि बरहन क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला बाबा अपनी तांत्रिक क्रिया से वशीकरण करता है। शनिवार को महिला अपने भाई के साथ तांत्रिक के पास आई थी।
आरोप है कि तांत्रिक ने महिला को तंत्र-मंत्र करने के बहाने कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला तांत्रिक की नीयत समझ गई और शोर मचा दिया। इस पर बाहर मौजूद भाई ने अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया।
लोगों ने दरवाजा खोलकर तांत्रिक को पकड़ लिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस तांत्रिक को पकड़ कर थाने ले गई। थानाध्यक्ष बरहन विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पक्ष को थाने लेकर आई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।