ईरान में एक प्रेमी जोड़े को शॉपिंग मॉल में लोगों की भीड़ के सामने सगाई करना महंगा पड़ गया। ईरान के उत्तरी शहर अरक के एक मॉल में प्रपोज करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, सोशल मीडिया पर जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक भीड़ के सामने अपनी प्रेमिका को अंगूठी पहना रहा है। जमीन पर गुलाब की पंखुड़ियों से दिल बना हुआ है और आसपास लाल और सफेद रंग के गुब्बारे पड़े हैं।
जब महिला व्यक्ति को हां कहती है तो उसका पार्टनर उसे गले लगा लेता है। उनके आसपास खड़े लोग भी खुश दिखाई दे रहे हैं, लेकिन थोड़ी देर बाद पुलिस वहां पहुंच कर रंग में भंग डाल देती है। पुलिस ने दोनों को इस्लामी सिद्धांतों का उललंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
ईरान के इस्लामिक कानूनों के तहत कोई व्यवक्ति सार्वजनिक रूप से किसी को प्रपोज नहीं कर सकता। ऐसा करना यहां प्रतिबंधित है। मरकजी प्रांत के डिप्टी पुलिस कमांडर महमूद खालाजी ने मीडिया को बताया कि प्रेमी जोड़े को जनता की मांग पर कस्टडी में रखा गया।
इन्हें इसलिए भी हिरासत में लिया गया, क्योंकि इनके ऐसा करने से पश्चिमी सभ्यता को बढ़ावा मिलता है। हालांकि, उन्हें बाद में जमानत पर रिहा भी कर दिया गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस हो रही है। कुछ लोग इसे सही ठहरा रहे हैं, तो कुछ लोग गलत बता रहे हैं।