उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बिजलीकर्मी की दो बीवियों ने सप्ताह में उसके दिन बांट लिए हैं। नारी उत्थान केंद्र में हुआ यह अनोखा समझौता चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, तीन निकाह करने वाले बिजलीकर्मी की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। दूसरी पत्नी से चोरी छिपे उसने तीसरा निकाह कर लिया। दूसरी बीवी को पता चला तो वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गई।
पुलिस ने बाद में मामले को समझौते के लिए नारी उत्थान केंद्र भेज दिया। वहां तय हुआ कि बिजलीकर्मी दूसरी बीवी के साथ सप्ताह में एक दिन और तीसरी वाली के पास सप्ताह में छह दिन रहेगा। इसके साथ ही वह दोनों का खर्च भी उठाएगा।
शख्स ने करीब 20 साल पहले पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरा निकाह किया था। दूसरी बीवी से उसे तीन बच्चे हैं। जब बिजलीकर्मी अचानक घर से गायब रहने लगा तो शक होने पर बीवी ने छानबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि उसका पति तीसरा निकाह कर चुका है। तीसरी बीवी से उसे एक बच्चा भी है।
दूसरी बीवी ने पति की तीसरी बीवी की बात पता चलने पर एसएसपी को तहरीर देकर अपने पति और सौतन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अब उसे समय नहीं देता है। बच्चों का ख्याल भी नहीं रखता है। सैलरी भी दूसरी बीवी हड़प लेती है।
नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी महिला दरोगा संध्या रावत ने बताया कि कि दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। वह दोनों इस शर्त पर समझौते के लिए राजी हो गईं कि हफ्ते में एक दिन पति दूसरे नंबर की बीवी और बाकी समय वह तीसरे नंबर वाली बीवी के साथ रहेगा।