दक्षिण अफ्रीका में पोर्ट एलिजाबेथ के समुद्र में 51 साल के डाइवर रेनर शिंफ 55 फीट लंबी व्हेल मछली के मुंह में चले गए। वह व्हेल के पेट में जाते, इससे पहले ही वे उसके मुंह से बाहर आ गए।शिंफ ने बताया कि व्हेल स्तनपायी प्राणी है। वह सांस लेने के लिए बार-बार पानी के ऊपर आती है। व्हेल के मुंह में जाते ही मुझे कुछ काला सा लगा था।
मुझे बड़ी गड़बड़ी का अहसास हुआ। लेकिन जैसे ही व्हेल सांस लेने के लिए पानी के ऊपर आई और उसने अपना मुंह खोला। मैं तुरंत उसके मुंह से बाहर निकल आया। मैं जिस व्हेल के मुंह में फंसा था, वह ब्राइड्स प्रजाति की थी। उसका वजन करीब 30 टन और लंबाई 55 फीट तक होती है। शिंफ बताते हैं कि वे पिछले 15 साल से डाइव टूर ऑपरेट कर रहे हैं।
हाल ही में वे अपने फोटोग्राफर दोस्त के साथ डाइविंग पर निकले थे। उनके मुताबिक, कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना के लिए तैयार नहीं रहता। इस घटना के दौरान मेरी सांस थम सी गई थी।
रेनर के साथी फोटोग्राफर हेंज टॉपरजेर ने बताया कि रेनर छोटी मछलियों के झुंड की ओर बढ़ रहे थे। वह अचानक गायब हो गए। मुझे यकीन हो गया कि कुछ न कुछ होने वाला है।
लिहाजा, मैंने अपना कैमरा उसी जगह पर बनाए रखा। अचानक व्हेल पानी से बाहर आईं और एक फव्वारा सा छूटा। इसके बाद देखा तो व्हेल के मुंह में रेनर थे। यह अद्भुत घटना हमारे कैमरे में कैद हो गई। वहां व्हेल के अलावा कई मछलियां भी थीं।