फलों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है लेकिन जब फल ही लाखों में मिले तो सेहत की चिंता कौन करे। यहां 40 रुपये दर्जन मिलने वाला केला भी महंगा लगता है और वहां जापान में लोग 7.5 लाख रुपये में अंगूर का एक छोटा सा गुच्छा खरीद रहे हैं।
अंगूर कई लोगों का पसंदीदा फल होता है और लाल अंगूर को तो देखते ही खाने की लालसा उठने लगती है लेकिन ये लालसा तब हमेशा के लिए फीकी पड़ जाएगी जब आप जापानी अंगूर की कीमत जान लेंगे। जी हां, जापान में लाल अंगूरों का एक गुच्छा 12 लाख येन (करीब 7.5 लाख रुपये) में बिका है। बेहतरीन किस्म के इस अंगूर की किस्म का नाम रूबी रोमन है।
हालांकि, यह आकार में बड़ा और स्वाद में बेहद मीठा व रसीला होता है। इसके हर दाने का वजन 20 ग्राम से भी ज्यादा होता है और इसके एक गुच्छे में 30 अंगूर होते हैं। ये अंगूर केवल जापान में ही उगाये जाते हैं। भई लेकिन अंगूर का दाम 7.5 लाख रुपये हमें तो हजम होने से रहा। यहां अंगूर का दाम 100 के पार पहुंच जाए तो स्वाद खट्टा लगने लगता है वहां लोग अंगूर की मुंहबोली कीमत लगा रहे हैं।
कनाजावा के थोक बाजार में मंगलवार को इस अंगूर की रिकार्ड बोली लगाई गई। नीलामी में अंगूर के इस गुच्छे को ह्याकुराकुसो नाम की एक कंपनी ने खरीदा। यह कंपनी जापान में होटल के कारोबार से जुड़ी है। इशिकावा सहकारी समिति का कहना है कि वह सितंबर तक रूबी रोमन किस्म के करीब 26 हजार गुच्छे निर्यात करेगी। 7.5 लाख रुपये में तो हम भारतीय क्या कुछ न खरीद लें आप भी हमें कमेंट कर बताइए कि आप 7.5 लाख रुपये में क्या-क्या खरीद सकते हैं?