Man Explores 165 Year Old Tunnel Video: एडवेंचर के नाम पर लोग कुछ भी खतरनाक करने से पीछे नहीं हटते हैं, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसे देख लोगों के पसीने छूट गए हैं। जिसमें एक शख्स 165 साल पुरानी सुरंग के अंदर घुसता नजर आ रहा है। सुरंग इतनी छोटी है कि वीडियो में शख्स को देख कई बार लगता है कि वो अंदर ही फंस जाएगा। आइए आपको भी दिखाते हैं ये खतरनाक वीडियो...
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक खोजकर्ता शख्स चट्टानों और रेत से भरी 165 साल पुरानी एक छोटी सुरंग में उतरता हुआ दिखाई देता है। सुरंग के अंदर जगह इतनी कम होती है कि ऐसा लगता है, मानो शख्स अंदर ही फंस गया हो। सुरंग में इतनी कम जगह होने के बावजूद भी शख्स आगे बढ़ने का फैसला लेता है और वो अपनी जान को खतरे में डालकर लगातार आगे बढ़ता है। शख्स इसके लिए आगे की तरफ फिसलने की कोशिश करता है, जिससे फिर उसे बाहर निकलने में सफलता भी मिलती है।
हेडलैम्प का इस्तेमाल करते हुए शख्स सुरंग के अंदरूनी हिस्से को दिखाता है, जिसमें पक्की कंक्रीट और एक ईंट की दीवार भी दिखाई देती है। खोजकर्ता शख्स इसे 165 साल पुरानी कोयला खदान बताता है। जिसे 1860 के दशक में बनाया गया था। वीडियो के जरिए शख्स इसके अंदर की गहराई भी दिखाता है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @undergroundbirmingham नाम के अकाउंट पर शेयर किया गया है। जिसे अब तक करीब 66 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं।