विस्तार
महिला सुरक्षा एक ऐसा मुद्दा है जो सालों से एक समस्या बना हुआ है। लड़कियों के प्रति घटिया व्यवहार हर देश में होता है और इस मामले में पाकिस्तान और भारत बिल्कुल सगे भाई की तरह हैं। आखिर थे तो दोनों कभी एक ही इसलिए शायद यहां के कुछ लड़के बिल्कुल एक जैसी हरकतें करते हैं। इस मामले में इन दोनों देशों के कुछ लोगों की मानसिकता काफ़ी मिलती-जुलती है।
ये लोग लड़कियों को इंसान नहीं समझते, लड़कियां इनके लिए महज़ एक खिलौना हैं। लेकिन वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपने पूरे होशो-हवास में हैं और महिलाओं को एक नागरिक के रूप में देखते हैं। अगर ये अच्छे लोग इस दुनिया में न हों तो शायद ये दुनिया कब की ख़त्म हो गई होती।
हम सबके फ़ेवरेट सिंगर आतिफ़ असलम कराची में एक शो कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि कुछ लड़के एक लड़की को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने अपने साजिंदों को इशारे से शांत हो जाने को कहा। फिर वो उन लड़कों के पास पहुंचे और उन्होंने कहा कि तुमने कभी कोई लड़की नहीं देखी है? यहां तुम्हारी मां-बहन भी हो सकती है। इसके बाद उन्होंने उस लड़की को ऊपर स्टेज पर बुलाकर उसे बैक स्टेज भेज दिया।
इसके बाद वो बोले ढंग से रहोगे तो शो लंबा चलेगा नहीं तो ख़त्म हो जाएगा। तो इंसान के बच्चे बनो। इसके बाद सब आतिफ़ के नाम की हूटिंग करने लगे और आतिफ़ ने सभी को चुप करवा दिया। देखिए वीडियो...
ऐसी जगहों पर जहां बहुत भीड़ होती है, कुछ घटिया लोग मौका पाकर अपनी असलियत दिखाने से नहीं चूकते। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हम लोगों को चौकन्ना रहने की ज़रुरत है और वही काम आतिफ़ ने किया जिसके लिए हम सब आतिफ़ को बधाई देना चाहेंगे।