विस्तार
शनिवार शाम को दिल्ली एनसीआर में एकाएक आए आंधी-पानी ने लोगों को कुछ सोचने समझने का मौका नहीं दिया। जो जहां था,आंख बंद किए वहीं छिप गया। अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें कौन सी बड़ी बात है, आंधी-तूफान आता है तो कौन बाहर खड़े होकर शाहरुख खान वाला पोज देता है। सब छिपने की कोशिश ही करते हैं लेकिन इसी बीच कुछ मजेदार घटनाएं हो जाती हैं, जिन्हें देखकर हंसी रोक पाना मुश्किल हो जाता है।
शनिवार को आए आंधी तूफान का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में एक शख्स आंधी से बचने के लिए एक खंभे को पकड़ कर खड़ा था। खंभे पर ऊपर एक शेड बंधा हुआ था। आंधी इतनी तेज आई कि शेड उड़कर छत की तरफ पहुंच गया। शख्स ने खंभा इतनी जोर से पकड़ा था कि खंभे के साथ वो भी छत पर पहुंच गया। इससे पहले वो कुछ समझ पाता, वो छत पर खड़ा था।
अच्छी बात ये रही कि उसको कोई चोट नहीं पहुंची। वीडियो कहां का है किसी को नहीं पता, लेकिन इसको देखकर लोगों की हंसी छूट जा रही है। आप भी देखें ये मजेदार वीडियो।