आमतौर पर विमान उड़ाना बहुत ही कठिन काम माना जाता है, लेकिन दुनिया में एक ऐसा भी महिला है, जिसके लिए 'कठिन' महज एक शब्द है। ये महिला हर काम करने में सक्षम है। यहां तक कि वो प्लेन भी उड़ा लेती है। हैरानी की बात तो ये है कि इस महिला के दोनों हाथ नहीं हैं। वो अपने पैरों से विमान उड़ाती है। इस वजह से उसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।
महिला का नाम जेसिका कॉक्स है और वो अमेरिका की रहने वाली हैं। जेसिका दुनिया की पहली और इकलौती बिना हाथों वाली पायलट हैं। इनके पास दुनिया का पहला ऐसा लाइसेंस है जो किसी आर्मलेस (बिना हाथ वाले) पायलट को दिया गया है।
जेसिका सिर्फ प्लेन ही नहीं बल्कि वह अपने दोनों पैरों से कार भी चलाती हैं। इसके अलावा वो स्कूबा डाइविंग और कीबोर्ड पर टाइप भी अपने पैरों से ही करती हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि उनकी टाइपिंग स्पीड 25 शब्द प्रति मिनट है।
36 वर्षीय जेसिका अपने पैरों से ही लिखती भी हैं। साथ ही अपने पैरों से वो आइसक्रीम भी खाती हैं। यहां तक कि वो अपने जूतों के फीते भी पैरों से ही बांधती हैं। जेसिका कराटे चैंपियन भी हैं। उनको घुड़सवारी का भी बहुत शौक है।
जेसिका का जन्म 2 फरवरी, 1983 को अमेरिका के एरिजोना में हुआ था। जन्म के बाद जब उनके माता-पिता ने पहली बार उन्हें देखा तो वो हैरान रह गए, क्योंकि उनकी बेटी के दोनों हाथ ही नहीं थे।
हालांकि बाद में उन्हें नकली हाथ लगाया गया था, लेकिन 14 साल की उम्र से ही जेसिका ने उसका इस्तेमाल बंद कर दिया था और अपने सारे काम पैरों से ही करने लगी थीं।
जेसिका ने साल 2005 में 22 साल की उम्र में पहली बार अपने पैरों से प्लेन उड़ाया था। उनकी काबिलियत के दम पर सिर्फ तीन साल में ही उन्हें विमान उड़ाने का लाइसेंस मिल गया था। वह अब तक 23 देशों का भ्रमण कर चुकी हैं।
जेसिका की शादी साल 2012 में पैट्रिक चैंबरलेन नाम के शख्स से हुई थी। उन्होंने अपनी शादी की अंगूठी भी अपने पैरों में ही पहनी थी। साथ ही उन्होंने अपने पति को केक भी अपने पैरों से ही खिलाया था।