विस्तार
लव के लिए साला कुछ भी करेगा... ये गाना तो आपको याद ही होगा। 20 साल की लड़की ने अपने घर में कैश और जूलरी पर हाथ साफ करते हुए एक करोड़ रुपए की चोरी की है। लड़की ने अपने ही घर में इतनी बड़ी चोरी क्यों कि है इसका कारण जानकर आप भी कहेंगे भगवान ऐसी गर्लफ्रैंड सभी को दे।
दरअसल, गुजरात के राजकोट में प्रियंका परसाना नाम की लड़की का पिछले दो साल से हेत शाह (20) नाम के लड़के के साथ लव अफेयर चल रहा था। लड़की ने अपने घर से तीन किलो सोने, दो किलो चांदी के जेवर और 64 हजार कैश पर हाथ साफ कर दिया।
आपको बता दें कि प्रियंका ने यह चोरी अपने ब्वॉयफ्रेंड के लिए की थी। क्योंकि प्रियंका का ब्वॉयफ्रेंड हेत शाह बेंगलुरु की पायलट ट्रेनिंग एकडेमी में कोर्स करने जा रहा था और उसके पास पैसे नहीं थे। शाह को एकडेमी में फीस भरने के लिए 20 लाख रुपयों की जरूरत थी।
प्रियंका ने वारदात को चोरी की शक्ल देने के लिए घर के अंदर तोड़फोड़ भी की। भक्तिनगर के पॉश गीतांजलि पार्क इलाके की निवासी प्रियंका और एयरपोर्ट रोड पर गीत गुजराती सोसाइटी के रहने वाले हेत शाह पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के लिए तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उनकी एक ट्यूइशन क्लास में मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
पुलिस ने हाउसिंग सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ प्रियंका के बयान लिए लेकिन उसे कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। शक होने पर पुलिस ने प्रियंका के अतीत की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका हेत के साथ लव अफेयर था।
हेत के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि चोरी की वारदात के अगले ही दिन वह बेंगलुरु चला गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम बेंगलुरु पहुंची और हेत से पूछताछ की तो उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ और उसने पूरी घटना के बारे में भी बताया।
पूछताछ के दौरान हेत ने कबूल किया कि प्रियंका ने चोरी की प्लानिंग की थी। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब प्रियंका के परिवार वालों को उसके अपराध के बारे पता चला तो उन्होंने एफआईआर वापस लेने की गुहार लगाई है।