विस्तार
अकेला रहने के एहसास से ही अक्सर लोगों का मन घबराने लगता है, कोई नहीं चाहता कि कभी अकेला रहना पड़े। कई बार परिस्थितियां आ भी जाएं तो लोग जैसे-तैसे उस समय को बिताने की कोशिश करते हैं। लेकिन एक शख्स पिछले 29 सालों से एक निर्जन टापू पर बिलकुल अकेला रह रहा है। दुनिया की तमाम आपाधापी से दूर है वह यहां निपट अकेला है और उसी अकेलेपन में खुश है। कुछ दिन पहले ही उस व्यक्ति की तस्वीरें दुनिया के सामने आईं। आइए आपको बताते हैं उनके बारे में-
इटली के रहने वाले Mauro Morandi साल 1989 में इस द्वीप पर आए थे। इस द्वीप का नाम है Isle of Budelli.
Mauro तब से यहां अकेले ही रहते हैं, हालांकि साल में एक दो बार वह अपने परिवार वालों से मिलने के लिए घर भी चले जाते हैं।
बीच बीच में कभी कभार उनकी गर्लफ्रेंड भी उनसे मिलने के लिए यहां चली आती थी, लेकिन तीन साल पहले ब्रेकअप होने के बाद अब उसने भी यहां आना छोड़ दिया है।
Mauro बताते हैं कि वो सालों पहले यहां एकांत की तलाश में आए थे, उसके बाद यहां से जाने का मन ही नहीं किया और यहीं के होकर रह गए।
वह यहां अकेले रहते हैं खुद ही अपने भोजन का इंतजाम करते हैं, एक बार घर जाकर वह सालभर के खाने पीने लायक चीजें ले आते हैं। खाली समय में वे यहां फोटोग्राफी करते हैं।
अपना काफी समय वह यहां किताबें पढ़कर बिताते हैं। Mauro बताते हैं कि किताबें पढ़ने से उन्हें अकेलेपन का एहसास नहीं होता। कुछ दिनों से वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी करने लगे हैं।
इटली की सरकार ने अब इस आइसलैंड को La Maddalena National Park का हिस्सा बना दिया है, जिससे यहां जल्द ही पर्यटकों को भेजा जा सकेगा। इसलिए सरकार ने यहां वाईफाई की सुविधा भी शुरू कर दी है, इसी के सहारे Mauro Morandi बाकी दुनिया से जुड़े रहते हैं और अपनी और टापू की फोटो सोशल मीडिया पर डालते रहते हैं।
वैसे अब उन्हें डर सताने लगा है कि उनका यह टापू उनसे छिन जाएगा और उन्हें यहां से बेदखल कर दिया जाएगा। बरहाल सोशल मीडिया में आने के बाद Mauro Morandi काफी मशहूर हो गए हैं और लोग इस टापू पर घूमने के लिए आने लगे हैं। हालांकि उनमें से ज्यादातर टापू कम Mauro Morandi को देखने ज्यादा आते हैं।