विस्तार
Wife killed Husband with knife: पति-पत्नी का रिश्ता दुनिया के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक होता है। दोनों को अपना पूरा जीवन एक दूसरे के साथ बिताना होता है, ऐसे में पति-पत्नी के बीच एक ऐसा रिश्ता होना चाहिए, जिसमें दोनों एक दूसरे को अच्छी तरह समझें। अगर ऐसा नहीं होता है, तो दोनों को काफी परेशानी होती है, कई बार तो नौबत ऐसी आ जाती है, कि लोग एक दूसरे के जानी दुश्मन बन जाते हैं। ऐसी ही एक खतरनाक मामला झारखंड के जामताड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां जोरभिटा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को जींस पैंट पहनने से इंकार कर दिया, तो पत्नी ने चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान धनबाद पीएमसीएच में पति की मौत हो गई। हालांकि, मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। दरअसल, आरोपी पुष्पा हेंब्रम गोपालपुर गांव के मेले में जींस पहनकर घूमने चली गई थी।
जींस पहनने पर पति ने जताई आपत्ति
जानकारी के मुताबिक, जब पुष्पा मेले से लौटी तो पति ने कहा कि अब तुम्हारी शादी हो गई है, तुम जींस मत पहना करो। ये बात पत्नी को मंजूर नहीं थी, उसने विरोध किया और पति को चाकू से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इलाज के दौरान हुई शख्स की मौत
इसके बाद घायल पति को इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच ले जाया गया। यहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान आंदोलन टूडू के रूप में की गई है। मृतक के पिता कर्णेश्वर टूडू का कहना है कि उनके बेटे ने बहू को जींस पहनने से मना किया था। इसी बात पर पत्नी ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया था।
वहीं इलाज के लिए जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी पत्नी पुष्पा ने घरवालों के सामने अपना जुर्म कबूल लिया है।
महज चार महीने पहले हुई थी शादी
दरअसल, दोनों की शादी करीब 4 माह पहले ही हुई थी। घटना की पुष्टि जामताड़ा थाना प्रभारी अब्दुल रहमान ने की है। साथ ही थाना प्रभारी ने ये भी बताया कि घायल पति की मौत धनबाद में इलाज के दौरान हुई है। इसके अलावा वहां की पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।