विस्तार
ILU, ILU… इलू का मतलब आइ लव यू। सौदागर फिल्म से एक लड़का रातोरात हीरो बन गया था। मासूम सा चेहरा और बोलती हुई आंखें, सुभाष घई को भा गई थी जिसके चलते घई साहब ने विवेक मुशरान को अपनी फिल्म के लिए कास्ट किया था। इस फिल्म का इलूू इलू सॉन्ग आज भी लोगों के जहन में जिंदा है। पहली फिल्म से स्टार बनने के बाद विवेक फिल्मी पर्दे से गायब होने लगे। आइए जानने की कोशिश करते हैं कि आजकल वो कहां है और क्या कर रहे हैं।
विवेक का जन्म उत्तर प्रदेश के रेनूकूट में हुआ था, नैनीताल से पढ़ाई करने के बाद विवेक अपनी किस्मत को आजमाने मुंबई आ गए। यहां की शुरुआत शानदार हुई, पहली फिल्म में वो दिलीप कुमार और राजकुमार जैसे लीजेंड कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे थे। मनीषा कोइराला ने विवेक मुशरान के साथ करियर शुरू किया था, लेकिन इसके बाद विवेक गायब होते चले गए और मनीषा के खाते में दनादन फिल्में गिरती चली गईं। बड़े पर्दे से निकलकर विवेक मुशरान ने टीवी में अपने लिए संभावनाएं तलाशी और कामयाब भी हुए।आज वो टीवी की दुनिया में जाने-माने हैं लेकिन आज भी उनकी आंखों में बॉलीवुड पर छा जाने का अफसोस रह गया है। ऐसा भी नहीं है कि उन्होंने फिल्में नहीं की, वो लगातार कोशिश कर रहे हैं लेकिन वो पहचान नहीं मिल पाई जिसके वो हकदार हैं।
फिल्म सौदागर के बाद विवेक ने करीब 17 और फिल्में की हैं। आखिरी बार उन्हें विद्या बालन की बेगमजान फिल्म में देखा गया था। उनकी एक और फिल्म 2018 में वीरे दी वेडिंग रिलीज होगी। छोटे पर्दे पर वो कई धारावाहिक कर चुके हैं, जिसमें परवरिश में वो काफी पसंद किए गए। इसके अलावा विवेक को गाने का भी शौक हैं, काफी अच्छा गुनगुना लेते हैं। अपनी एक अल्बम ‘कहीं खो गया’ के लिए गाना भी गाया है।