विस्तार
बॉलीवुड के बादशाह शाहरूख खान का आज 50वां जन्मदिन है। किंग खान को देश-दुनिया हर तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रहीं हैं। हमेशा सुर्खियों में बने रहने वाले SRK ने आज जिंदगी की हाफ सेंचुरी पूरी करी है, और वो अपने जन्मदिन का जश्न आज अपने परिवार से साथ मनाने वाले हैं।
जिंदगी के हर पल का खुल कर जश्न मनाने वाले शाहरुख, अनेकों बार विवादों के घेरे में रहें हैं। ऐसा बहुत बार हुआ कि अपनी हाजिरजवाबी के लिए मशहूर किंग खान को कई दफा निरोत्तर भी होना पड़ा है। तो डालते हैं उनके कुछ विवादों पर एक नजर:
खबरें आईं कि शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान तीसरा बच्चा प्लान कर रहें हैं, तो उसी दरमियां खबरें उड़ी की शाहरुख गर्भ में ही लिंग जांच करवाने के लिए गए थे। हालांकि किंग खान ने इस बात को सिरे से नकार दिया।
एक बार शाहरुख ने कहा कि राजनेता उनकी और भारतीय मुस्लिम समुदाय की छवि खराब करने के लिए उन्हें जबरदस्ती विवादों में घसीटते हैं। साथ ही यह आरोप भी लगते रहें हैं कि वो भारत से ज्यादा पड़ोसी मुल्क के ज्यादा नजदीक हैं।
इस पर टिप्पणी करते हुए लश्कर के आतंकी हाफिज सईद ने उन्हें पाकिस्तान आने का न्यौता तक दे दिया ताकि वो सुकून से जिंदगी बिता सकें।
आईपीएल टीम केकेआर के सह-मालिक शाहरुख ने आईपीएल के तीसरे सीज़न के समय कहा था कि वो लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खिलाने के पक्ष में हैं। इस बात पर शिवसेना ने उनकी फिल्म ‘माय नेम इज खान’ की रिलीज़ रोकने की धमकी दी थी। इस पर शाहरुख ने ट्विटर पर सफाई दी थी।
आईपीएल शाहरुख और विवादों का रिश्ता चोली-दामन का है। मुंबई क्रिकेट असोसिएशन ने पुलिस से वानखेड़े स्टेडियम में शाहरुख के दुर्व्यवहार की आधिकारिक शिकायत की थी। साथ ही MCA ने SRK के वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी थी। MCA सचिव नितिन दलाल ने कहा कि शाहरुख ने अध्यक्ष विलासराव देशमुख समेत कई अधिकारियों के साथ बदसलूकी की।
एक समय था जब सलमान और शाहरुख एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे। लेकिन वक्त के साथ दोनों के फासले भी बढ़ते गए। सलमान कहते हैं कि वो और शाहरुख अब फिर कभी दोस्त नहीं बन सकते। दोनों का विवाद शुरु हुआ था कैटरीना कैफ की जन्मदिन पार्टी में, जहां आरोप है कि शाहरुख ने सलमान की एक्स-गर्लफ्रेंड ऐश्वर्या राय बच्चन को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। उसके बाद दोनों ने कई बार एक दूसरे पर जुबानी हमला किया है।
गौरी के लिए अपने प्यार के लिए मशहूर शाहरुख का नाम ‘पिग्गी चॉप्स’ प्रियंका चोपड़ा के साथ जोड़ा गया। यह पहली बार था कि शाहरुख का नाम किसी को-स्टार के साथ जोड़ा गया। शाहरुख ने इस मामले पर चुप्पी साधे रखी, वहीं प्रियंका ने भी कभी सीधे जवाब नहीं दिया। लेकिन करण जौहर के शो पर उन्होंने कहा कि उन्हें शाहिद शाहरुख के नाम से चिढ़ाते थे।
एक विवाद तब भी खड़ा हुआ था, जब आईपीएल के मैच के दौरान शाहरुख अपने बच्चों आर्यन और सुहाना के साथ अपनी बहन शहनाज के साथ देखे गए, लेकिन गौरी वहां मौजूद नहीं थीं।
अटकलें लगीं कि गौरी-शाहरूख में प्रियंका चोपड़ा की वजह से दिक्कतें आ रहीं हैं और गौरी उनसे खफा हैं।
खान वार में शाहरुख का पंगा आमिर खान से भी हुआ। उन्होंने रियलटी शोज होस्ट करने वाले सभी अभिनेताओं की तारीफ की मगर शाहरुख को टाल गए। इसके अलावा अपने कुत्ते का नाम शाहरुख रख कर आमिर ने विवाद को और बढ़ा दिया। इसके चलते आमिर और सलमान में नजदीकियां बढ़ने लगीं।
शाहरुख फराह खान के पति शिरिष कुंदिर के साथ शारीरिक हिंसा के आरोप में फंस चुके हैं। इस पर फराह ने SMS करके सफाई दी थी। लेकिन विवाद खत्म हुआ जब साजिद खान और साजिद नाडियादवाला शाहरुख के घर ‘मन्नत’ पहुंचे और सुलह करवाई।
संगीतकार और गायक अभिजीत भट्टाचार्य तो वैसे खुद ही विवादित हस्ती हैं, लेकिन उन्होंने शाहरुख पर इल्जाम लगाया कि बादशाह खान ने ‘मैं हूं न’ और ‘ओम शांति ओम’ के लिए उन्हें उचित श्रेय नहीं दिया।
इस पर शाहरुख ने बेहद हल्के अंदाज में कहा कि बड़ा ही अजीब संयोग है जो भी उनके साथ काम नहीं करता वो मशहूर हो जाता है।
शाहरुख खान देश में ही नहीं, विदेशों में भी खासे लोकप्रिय हैं। 2009 में शाहरूख खान को ‘खान’ नाम की वजह से न्यू जर्सी के न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर दो घंटे रोके रखा।
उस समय शाहरुख दक्षिण एशिया के किसी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जा रहे थे। हालांकि राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद शाहरुख को छोड़ दिया गया।
सलमान के अलावा, शाहरुख और अमेरिकी हवाई अड्डों का भी काफी ‘विवादित’ रिश्ता है। शाहरुख रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के साथ येल विश्वविद्यालय में भाषण देने जा रहे थे। हालांकि उनके अलावा पूरे समूह को जाने दिया गया, मगर शाहरुख को क्लियरंस दो घंटे बाद ही मिली।
इसके बाद शाहरुख ने बड़े मजाकिया अंदाज में कहा कि वो जब भी स्टारडम फील करने लगते हैं, तो वो अमेरिका चले जाते हैं।
पूर्व क्रिकेटर सुनील गवास्कर और शाहरूख खान के बीच भी काफी बड़ी जुबानी जंग हुई थी। 2009 में एक अखबार में गवास्कर ने शाहरुख की टीम केकेआर के तत्कालीन कोच जॉन बुचानन को ‘विफल’ खिलाड़ी करार देते हुए कहा कि वो अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को वो करने को कहते हैं, जो वो खुद कभी नहीं कर सके।
शाहरुख खान पब्लिक जगहों पर कई बार सिगरेट पीते हुए देखे गए हैं। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में सिगरेट पीने पर शाहरुख के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। इसके अलावा वो 2011 के स्टार स्क्रीन अवार्ड्स में भी सिगरेट पीते हुए देखे गए।
इन सबके बावजूद शाहरुख खान हमारे और आपके जैसे करोड़ो लोगों के चहेते हैं। इस मौके पर हम भी उन्हें बोलेंगे
HAPPY BIRTHDAY KING KHAN