दुनिया में एक ऐसा भी गांव है, जहां इंसानों की संख्या मात्र 27 है। हैरानी की बात तो ये है कि इस गांव में पुतलों की संख्या 270 है। इस हिसाब से अगर हम इस गांव को 'पुतलों का गांव' कहें तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। इस गांव में लोगों के टाइम पास करने का तरीका भी गजब का है।
यह गांव पश्चिमी जापान के शिकोकू टापू पर बसा है, जिसका नाम है नागोरो गांव। इस गांव की एक बात और जो हैरान करती है वो ये है कि यहां एक भी बच्चा नहीं है।
इस गांव में 16 साल पहले पुतलों को बनाने की शुरुआत हुई थी। 69 वर्षीय सुकिमी आयनो नाम की महिला यहां इंसान जितने बड़े पुतले बनाती हैं। सुकिमी ने सबसे पहले जो पुतला बनाया था, उसे अपने पिता के कपड़े पहनाए थे।
शुरुआत में इन पुतलों को बगीचों के पौधों को पशु-पक्षियों से बचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब यह गांव के लोगों के टाइम पास करने का जरिया बन गया है। इस गांव की हर गली-चौराहे और घरों के बाहर ये पुतले रखे आपको मिल जाएंगे।
इस गांव में सभी लोग बूढ़े हैं। यहां सबसे कम उम्र का जो व्यक्ति है, उसकी उम्र 55 साल है। दरअसल, पिछले कुछ सालों में जापान की जनसंख्या में काफी गिरावट आई है। यहां की आबादी सालों-साल बूढ़ी होती जा रही है।