थाईलैंड के राजा माहा वाजिरालोंगकोर्न ने बुधवार को अपने निजी बॉडीगार्ड से शादी रचाकर दुनियाभर के लोगों को हैरत में डाल दिया। कुछ दिनों के बाद उनका औपचारिक राज्याभिषेक होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने अपने निजी सुरक्षा बल की डिप्टी हेड से विवाह कर लिया। वाजिरालोंगकोर्न ने अपनी पत्नी सुथिदा को रानी की उपाधि दी है।
66 वर्षीय वाजिरालोंगकोर्न को किंग रामा X के नाम से जाना जाता है। वह अपने पिता राजा भूमिबोल अदुलयादेज की अक्तूबर, 2016 में हुई मौत के बाद संवैधानिक तौर पर राजा बनाए गए थे। उनके पिता ने 70 साल तक थाईलैंड का सिंहासन संभाला था। वाजिरालोंगकोर्न को शनिवार को विस्तृत बौद्ध और ब्राह्मण समारोह में आधिकारिक रूप से ताज पहनाया जाएगा।
साल 2014 में वाजिरालोंगकोर्न ने सुथिदा तिदजई को बॉडीगार्ड यूनिट की डिप्टी कमांडर के तौर पर नियुक्त किया था। उनकी पत्नी सुथिदा थाई एयरवेज में फ्लाइट अटेंडेंट रह चुकी हैं।
शाही लोगों और विदेशी मीडिया ने कई बार वाजिरालोंगकोर्न का नाम सुथिदा के साथ जोड़ा था, लेकिन राजमहल की ओर से कभी इस बारे में कुछ नहीं कहा गया। दिसंबर, 2016 में अपने पिता के निधन के बाद वाजिरालोंगकोर्न ने सुथिदा को रॉयल थाई आर्मी का जनरल बनाया था, जिसके बाद साल 2017 में राजा ने अपने निजी सुरक्षा बल की डिप्टी कमांडर बनाया।
राजा वाजिरालोंगकोर्न इससे पहले भी तीन बार शादी कर चुके हैं। उनके सात बच्चे भी हैं। उनकी पहली पत्नी का नाम मॉम लुआंग सोमसवाली किटियाकरा, दूसरी पत्नी का नाम युवाधिडा पोलप्रसर्थ और तीसरी पत्नी का नाम श्रीरस्मि सुवादी है।