विस्तार
आपकी नजर में शादी की सही उम्र क्या होती है..? अलग-अलग लोग इस पर अलग-अलग राय रखते हैं। कोई कहता है कि जैसे ही बच्चे जवानी की दहलीज पार करते हैं उनकी शादी करा देनी चाहिए तो वहीं कानून की नजर में मानना है कि हमारे देश में 18 साल की उम्र में लड़की व कम से कम 22 साल की उम्र में लड़के की शादी वैध करार होगी। इसके अलावा कुछ ऐसे भी है जो इससे ज्यादा उम्र में शादी को तरजीह देते हैं।
तो वहीं कुछ लोग इसे इंसान की समझदारी के पैमाने से माप लेते हैं। वैसे शादी में उम्र का फैक्टर तो समझ में आता है मियां लेकिन जोरी अगर बात करना छोड़ दे तो सारी समझदारी धरी की धरी रह जाती है। जी हां, ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जी हां, एक शख्स ने अपनी बीवी के बात न करने के चलते बेकाबू होकर ऐसा कदम उठाया कि सब देखते रह गए।
गुस्से से बेकाबु हुए शख्स ने पहले जमकर शराब पी और फिर वो किया जिसे सुनकर शायद आपको भी यकीन न हो। दरअसल, इस आदमी ने नशे में एक कार, बाइक और एक इमारत को आग के हवाले कर दिया। ये घटना तमिलनाडु के त्रिचुरापल्ली की है जो बीते शुक्रवार को हुई।
आरोपी की उम्र यही कोई 30 साल के आसपास बताई गई है। पिछले काफी समय से वह बेरोजगार था। इसके बावजूद वह नई नौकरी तलाशने के लिए हाथ पैर नहीं मार रहा था। इस बात से युवक की पत्नी नाराज हो गई।इसी नाराजगी में पत्नी ने पति से बात करना बंद कर दिया।
पिछले कई दिनों से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो रही थी। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर शख्स ने शराब के नशे में शुक्रवार को अपने घर के पास एक कार, बाइक और एक इमारत में आग लगा दी। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच से इस बात का पता चला जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।