दुनिया में रोजाना अतरंगी और अनोखी घटनाएं होती रहती है, जो आश्चर्य में डाल देती हैं। इसी बीच एक कबूतर को 1.25 मिलियन यूरो यानी तकरीबन 9.71 करोड़ रुपये में नीलाम किया गया है। है ना आश्चर्यजनक! जानिए इस वीआईपी कबूतर की कहानी।
नीलामी हाऊस पीपा ने अर्मांडो नामक इस कबूतर को 'लंबी दूरी का सबसे उम्दा बेल्जियम का कबूतर' बताया है। साथ ही इस कबूतर को 'कबूतरों का लूईस हेमिल्टन' कहा जा रहा है। इस नीलामी से पहले सबसे महंगा कबूतर 3.76 लाख यूरो (2.92 करोड़) में बिका था। यह रिकॉर्ड तभी टूट गया जब अर्मांडो को नीलामी के लिए उतारा गया।
यह कबूतर पांच साल का है और अब रिटायरमेंट का आनंद ले रहा है। पीपा के सीईओ निकोलास गाएसेलब्रेख्त को कबूतर के इतना महंगा बिकने पर यकीन नहीं है। वह कहते हैं कि इस पर विश्वास ही नहीं होता है। उन्होंने सपने में भी इस दाम के बारे में नहीं सोचा था।
गाएसेलब्रेख्त ने कहा कि चीन के दो खरीदारों ने नीलामी में बढ़-चढ़कर बोली लगाई। एक घंटे में यह बोली 5.32 लाख यूरो से 12 लाख यूरो पर पहुंच गई। सारी चीजों को ध्यान में रखते हुए हवाई दौड़ लगाने वाले इन कबूतरों की कीमत 2,500 यूरो होती है। लेकिन अर्मांडो कोई आम कबूतर नहीं है।
अपने करियर की आखिरी तीन दौड़ों को इसने जीता है। जिनमें 2018 की ऐस पिजन चैंपियनशिप, 2019 की पिजन ओलंपियाड और अंगूलेम शामिल हैं। अर्मांडो के प्रशंसकों की कमी नहीं है। बेल्जियम के परवेज शहर की स्थानीय पिजन फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष फ़्रेड वेंकेली ने बेल्जियम के सरकारी ब्रॉडकास्टर आरटीबीएफ से कहा कि यह 'कबूतरों का लुईस हेमिल्टन' है और यह खेल के इतिहास में सबसे खास है। अर्नांडो अब रिटायरमेंट का आनंद ले रहा है लेकिन उसके नए मालिक उससे प्रजनन कराएंगे और उसके वंश को आगे बढ़ाएंगे।