किसी भी देश में राष्ट्रपति का पद सर्वोच्च पद होता है। ऐसे में अगर कोई शख्स मजाक-मजाक में किसी देश का राष्ट्रपति बन जाए तो। आप शायद इसपर यकीन ना करें, लेकिन ऐसा सच में हुआ है। दुनिया में एक देश ऐसा भी है, जहां एक शख्स मजाक-मजाक में राष्ट्रपति बन गया।
एक समय यह शख्स एक टीवी शो 'सर्वेंट ऑफ द पीपल' (जनता का सेवक) में राष्ट्रपति की भूमिका निभाता था, लेकिन अब वही शख्स 4.5 करोड़ की आबादी वाले देश का अगला राष्ट्रपति होगा। इस शो के अलावा शख्स के पास राजनीति का और कोई अनुभव नहीं है।
दरअसल, यूक्रेन में हुए राष्ट्रपति चुनाव में हास्य अभिनेता वोलोदीमीर जेलेंस्की ने बड़ी जीत हासिल की है। रविवार को राष्ट्रपति चुनावों के नतीजे एक एक्जिट पोल में घोषित हुए, जिससे पता चलता है कि इस देश के नए राष्ट्रपति जेलेंस्की होंगे। इसके बाद दुनियाभर के नेताओं ने जेलेंस्की को बधाई दी है।
वोलोदीमीर जेलेंस्की ने यूक्रेन के मौजूदा राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको को हराया है। पोरोशेंको साल 2014 से यूक्रेन के राष्ट्रपति हैं। अरबपति कारोबारी पोरोशेंको उस समय राष्ट्रपति चुने गए थे, जब यूक्रेन में हुए प्रदर्शनों के बाद रूस समर्थक राष्ट्रपति को अपना पद छोड़ना पड़ा था।
'सर्वेंट ऑफ द पीपल' नामक धारावाहिक में वोलोदीमीर जेलेंस्की का किरदार एक ऐसे व्यक्ति का है जो दुर्घटनावश यानी अचानक से यूक्रेन का राष्ट्रपति बन जाता है। सबसे दिलचस्प बात तो ये है कि जेलेंस्की ने अपने शो के नाम पर बनी राजनीतिक पार्टी से ही राष्ट्रपति चुनाव लड़ा था।
बता दें कि यूक्रेन में लोग सामाजिक असमानता, भ्रष्टाचार और पूर्वी यूक्रेन में रूसी समर्थित अलगाववादियों के कारण काफी परेशान हैं। इसकी वजह से अब तक 13 हजार लोगों की जान जा चुकी है। अब हास्य अभिनेता जेलेंस्की इस देश की सत्ता संभालेंगे।