विस्तार
Chinese Company Offers Cash Bonus: काफी समय तक चीन के नागरिकों के लिए एक बच्चे की पॉलिसी को जारी रखा गया था। इस पॉलिसी के परिणाम स्वरूप चीन की जन्म दर में लगातार गिरावट देखी गई। 1980 में चीन की जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने इस पॉलिसी को शुरू किया था, जिसे 2016 में समाप्त कर दिया गया है। वहीं अब पड़ोसी देश ने मई 2021 में तीन-बाल नीति पेश की। चीनी सरकार अब अपने नागरिकों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। ऐसे में लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कंपनियां भी अपने कर्मचारियों के लिए कई तरह की पॉलिसी पेश कर रहे हैं।
तीसरे बच्चे को जन्म देने पर मिलेगा इंसेंटिव
आपको जानकर हैरानी होगी कि हाल ही में एक चीनी कंपनी ने एक खास ऑफर पेश किया है, जिसके तहत तीसरे बच्चे को जन्म देने पर अपने कर्मचारियों को इंसेंटिव की सुविधा दी जा रही है।
तीसरे बच्चे को जन्म देने पर मिल रहा बोनस
रिपोर्ट्स की मानें तो चीन के बीजिंग डाबिनॉन्ग टेक्नोलॉजी ग्रुप (Beijing Dabeinong Technology Group) अब तीसरे बच्चे को जन्म देने के लिए अपने कर्मचारियों को 90,000 युआन (यानी लगभग 11.50 लाख रुपये) नकद बोनस दे रहा है।
इसके साथ ही कथित तौर पर महिला कर्मचारियों को नकद बोनस के अलावा कंपनी की तरफ से एक साल की छुट्टी भी दी जा रही है। वहीं पुरुष कर्मचारियों को नौ महीने की छुट्टी की सुविधा दी जा रही है। इतना ही नहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले और दूसरे बच्चे पर भी बोनस दिया जा रहा है।
जो कर्मचारी दूसरे बच्चे को जन्म देंगे, उन्हें 60,000 युआन (लगभग 7 लाख रुपये) का बोनस दिया जाएगा। जबकि, अपने पहले बच्चे को जन्म देने पर वह 30,000 युआन (3.50 लाख रुपये से अधिक) के बोनस के हकदार होंगे।
पॉलिसी को लागू करने की वजह
दरअसल, एक बच्चे की नीति के परिणामस्वरूप चीन को जनसंख्या असमानता का सामना करना पड़ा। साथ ही वृद्ध जनसंख्या का अनुपात में भी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में एक बच्चे की नीति को खत्म कर दिया गया।